रुहेलखण्ड

Rohilkhand


लोक नाटिकाएँ

गीत --संगीत पर आधारित लोक नाटिकाएँ

मनुष्य ने अपने मनोरंजन के लिए निमित्त विभिन्न कलाओं को जन्म दिया। ये कलाएं मनोरंजन का साधन तो थीं ही, साथ ही इनमें से कुछ कलाओं के माध्यम से विभिन्न सामाजिक समस्याओं, संदेशों तथा सामयिक घटनाओं को भी जनमानस तक पहुँँचाया गया। ऐसी कलाओं में अभिनय कला सर्वोच्च स्थान पर थी। अभिनय कला का गीत - संगीत से गहरा सम्बंध रहा है। भारत के लगभग हर प्रान्त में ऐसी अनेक लोकनाटिकाएं प्रचलित हैं, जो गीत - संगीत पर आधारित हैं। ऐसी लोकनाटिकाएं पूर्णतया परम्परागत है। इस प्रकार की लोक नाटिकाएं रुहेलखण्ड की लोक संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। लोक नाटिकाओं की इन स्थानीय शैलियों में "स्वांग" और "रसिया" का विशिष्ट स्थान है।

1. स्वांग

"स्वाँग" प्रकार की नाटिकाओं का केन्द्र बिन्दु रामायण, महाभारत तथा अन्य पौराणिक कथाएँ हैं। वास्तव में स्वाँग में किसी सम्पूर्ण कथा का प्रस्तुतीकरण न करके अमुक कथा के एक अंश विशेष को प्रस्तुत किया जाता है। इस प्रकार की नाटिकाओं में संवाद के साथ- साथ गायन का भी महत्वपूर्ण स्थान होता है। नाटिका के दौरान पृष्ठभूमि में संगीत की निरन्तरता बनी रहती है । इस संगीत में अग्रलिखित यन्त्रों का प्रयोग किया जाता है।

1. नगाड़ा
2. हारमोनियम
3. ढोलक
4. मजीरा

रोचक तथ्य यह है कि स्वाँग में प्राय: पुरुष स्री चरित्र को निभाते हैं।

रुहेलखण्ड क्षेत्र में "स्वाँग" परम्परा को बनाए रखने में बीसलपुर (बरेली से पूर्व दिशा में स्थित) की राधारानी जी का उल्लेखनीय योगदान है, जो स्वाँग में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाती हैं।



2. रसिया

स्वाँग का ही भाँति "रसिया" प्रकार की लोक नाटिकाएँ संगीत पर आधारित हैं। समाज में व्याप्त कुरीतियाँ प्राय: इन नाटिकाओं का विषय हैं।

विभिन्न त्यौहारों के अवसर पर शाम ढले गाँवों की चौपालों पर इनका प्रस्तुतीकरण किया जाता है। इन नाटिकाओं के केन्द्रों में बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा तथा पश्चिमी फतेहगंज के कुछ गाँव (सभी बरेली के निकट स्थित) हैं। "रसिया" के कलाकारों में निम्नखित का स्थान प्रमुख है -

1. माया देवी इलाहाबादी (शाहजहाँपुर)
2. डोरी लाल तथा पप्पू (बिथरी चैनपुरी निवासी)
3. जामन लाल तथा लक्ष्मी नारायण (ग्राम - क्यारा, निकट बरेली , निवासी)

इस लोक नाटिका में प्रयुक्त वाद्ययन्त्रों में हारमोनियम तथा ढोलक प्रमुख हैं।

  | विषय सूची |


Content Prepared by Dr. Rajeev Pandey

Copyright IGNCA© 2004

सभी स्वत्व सुरक्षित । इस प्रकाशन का कोई भी अंश प्रकाशक की लिखित अनुमति के बिना पुनर्मुद्रित करना वर्जनीय है ।